logo

महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष ने की ओछी राजनीति, 25 अप्रैल को सड़कों पर दिखेगा जनाक्रोश- आदित्य साहू

ADITYA01.jpg

रांची 
महिला आरक्षण बिल सहित अन्य ज्वलंत मुद्दों को लेकर आगामी 25 अप्रैल को रांची में आयोजित होने वाले आक्रोश मार्च की तैयारी को लेकर भाजपा ने पूरी तरह कमर कस ली है। इस कार्यक्रम की तैयारी में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है, युद्ध स्तर पर इसकी तैयारियों में पार्टी जुटी हुई है। इसी निमित्त आज भाजपा द्वारा रांची में 2 स्थानों पर बैठक आयोजित कर इसकी तैयारियों की समीक्षा की गई। रांची महानगर एवं विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुई, जबकि दूसरी बैठक प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के कुच्चू स्थित पैतृक आवास में रांची पश्चिमी जिला एवं मंडल के पदाधिकारियों की हुई। 

प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह मुख्य रूप से मौजूद थे। इस बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने की। इस दौरान आक्रोश मार्च को सफल बनाने हेतु संगठनात्मक तैयारियों एवं कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई।

क्या बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस सहित उनकी सहयोगी पार्टियों ने ओछी राजनीति का परिचय दिया है। ये दल महिलाओं के नाम पर केवल राजनीतिक रोटी सेंकने का काम करते रहे हैं। आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को संवैधानिक और राजनीतिक रूप से भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाया तो इन दलों ने अपने राजनीतिक स्वभाव का परिचय देते हुए एक गौरवशाली अवसर से महिलाओं को वंचित करने का काम किया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष ने पंडरा ओपी थाना क्षेत्र में हुई दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना में भार्गव सिंह नामक जमीन कारोबारी की मौत की घटना को लेकर राज्य की ध्वस्त कानून व्यवस्था पर भी हेमंत सरकार को घेरा है। कहा कि हर घटना के बाद प्रशासन का मूकदर्शक बने रहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। झारखंड की वर्तमान स्थिति अत्यंत चिंताजनक होती जा रही है। दिन-दहाड़े हत्याएं हो रही हैं और आए दिन माताओं-बहनों की अस्मिता लूटी जा रही है। आखिर हेमंत सरकार क्या कर रही है? प्रदेश की जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। आखिर इस राज्य का भविष्य क्या होगा यदि अपराधियों के मन में कानून का कोई भय ही न रहे? उन्होंने मुख्यमंत्री से दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने क्या कहा

मौके पर संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ संदेश दिया है कि उनके रहते नारी शक्ति के उदय को कोई ताकत नहीं रोक सकती। मोदी सरकार महिलाओं के आरक्षण के मार्ग में आने वाली हर बाधा को दूर करेगी। इस दौरान बैठक में मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कुच्चू में रांची पश्चिमी जिला एवं मंडल के पदाधिकारियों की हुई बैठक

वहीं आक्रोश मार्च को लेकर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के पैतृक आवास, कुच्चू में रांची पश्चिमी जिला एवं मंडल के पदाधिकारियों की भी एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता रांची पश्चिमी जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने की। जबकि मुख्य रूप से उपस्थित प्रदेश अध्यक्ष ने सारी तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस आक्रोश मार्च में अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


 

Tags - BJP ADITYA SAHU Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest Breaking News Dai।y News News Update।atest News Nationa। News State News